रचनात्मक संस्कारों का अनुसमर्थन

संपादकीय कार्यालयः एफ-3, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, आवासीय कॉलोनी, रायपुर, 492001  ई-मेलः srijangatha@gmail.com

अपनी बातकविताछंदललित निबंधकहानीलघुकथाव्यंग्यसंस्मरण कथोपकथन भाषांतरसंस्कारपुस्तकायन

बचपनहलचलसृजनधर्मीलेखकों सेसंपादक बनेंचतुर्दिकशेष-विशेषपुरातनअंकअभिमतमुख्यपृष्ठ

तकनीक

 

आइए चलें मुफ्त की दुनिया में

रविशंकर श्रीवास्तव

        

        हते हैं कि मुफ्त में कभी कोई चीज हासिल नहीं होती। आपको हर किसी वस्तु या सेवा के बदले कुछ न कुछ भुगतान करना होता है। परंतु क्या आपको यह पता है कि कंप्यूटर और इंटरनेट का क्षेत्र एकमात्र ऐसा क्षेत्र है, जहां पर आपको मुफ्त में ढेरों सामग्री मिल सकती है? है न अजीब बात! पर यह सोलह आने सच है। आइए करते हैं एक सैर इस मुफ्त की दुनिया की, और देखते हैं कि मुफ्त में मिलने वाली चीजों में हमारे काम के लायक कुछ है भी या नहीं।

मुफ्त आपरेटिंग सिस्टम

           अब तक आपको अपने कंप्यूटरों को चलाने के लिए उसमें जरूरी आपरेटिंग सिस्टम के लिए, चाहे वह बाबा आदम के जमाने का डॉस हो या अतिआधुनिक विंडोस एक्सपी, अच्छा खासा भुगतान करना होता था, और अधिसंख्य लोग जो कि ले-देकर कंप्यूटर अफोर्ड कर पाते थे, वे कापी की हुई पायरेटेड सॉफ्टवेयर से काम चलाते थे। परंतु अब आपको निराश होने की कतई जरूरत नहीं है अगर आप मंहगा आपरेटिंग सिस्टम अफोर्ड नहीं कर सकते तो आपके लिए विंडो एक्सपी जैसा ही मजबूत और आपके पूरे काम निपटा सकने वाला साथ ही आसान आपरेटिंग सिस्टम एकदम मुफ्त में उपनब्ध है। लिनक्स नाम के इस आपरेटिंग की खासी धूम मची हुई है और इसके कई संस्करण उपलब्ध हैं। खूबी यह है कि यह आपरेटिंग सिस्टम मुफ्त में विश्व की दर्जनों नामी कंपनियों द्वारा जारी किया जा रहा है। यह आपरेटिंग सिस्टम पुराने 486 बेस्ड कंप्यूटरों से लेकर आज के आधुनिक  पेंटियम 4 तक में आसानी से चल सकता है। इस आपरेटिंग सिस्टम के विभिन्न वर्सनों के साथ ही आपको रेडहेट, मेनड्रेक, कालडेरा और कोरेल जैसी कंपनियों के जारी विभिन्न प्रकार के सॉफ्टवेयर भी मुफ्त में मिलते हैं। इसी से मिलता जुलता यूनिक्स बेस्ड एक और आपरेटिंग सिस्टम है फ्री बीएसडी, जो कि आपको मुफ्त में मिलता है। बीई ओएस नाम का एक और आपरेटिंग सिस्टम है, जिसके लिए आपको कोई खर्च नहीं करना पड़ता। ये तो थे कुछ बड़े और महत्वपूर्ण आपरेटिंग सिस्टम जो आपको मुफ्त में मिलते हैं। इनके अलावा भी ऐसे बहुत से अन्य छोटे बड़े आपरेटिंग सिस्टम हैं, जो कि मुफ्त में उपलब्ध हैं, पर ज्यादा प्रचलित नहीं हैं।

मुफ्त ब्राउजर

        इंटरनेट पर जाकर वहां की जानकारी लेने, सूचनाओं का आदान प्रदान करने के लिए एक विशेष सॉफ्टवेयर की आवश्यकता होती है, जिसे ब्राउजर कहा जाता है। आज आपकी सेवा के लिए प्राय: सभी ब्राउजर मुफ्त में उपलब्ध हैं। मॉजिल्ला, ऑपेरा, इंटरनेट एक्सप्लोरर, नेटस्केप कम्यूनिकेटर, लायनक्स इत्यादि सभी प्रमुख और अच्छे ब्राउजर मुफ्त में ही उपलब्ध हैं। इनके उपयोग हेतु इन्हें न तो कोई पैसे से बेचता है न कोई पैसे से खरीदता है। इसी प्रकार आपके द्वारा बनाए हुए वेब पेजों को इंटरनेट पर प्रेषित करने हेतु वेब सर्वरों की आवश्यकता होती है। इस क्षेत्र में भी आपको मुफ्त के वेब सर्वर आपके काम के लिए मिल जाएंगे। वस्तुत: विश्व में सर्वाधिक प्रचलित, अपाचे नाम का वेब सर्वर मुफ्त में ही उपलब्ध है।

आफिस के काम बिना किसी कीमत के

        आपको अपने आफिस के विभिन्न कामों को निपटाने के लिए कंप्यूटर आधारित आफिस सूट जैसे माइक्रोसॉफ्ट आफिस की अगर जरूरत है, तो आपको उसे खरीद कर उसका उपयोग करने  के लिए हजारों रूपयों की जरूरत होगी। परंतु क्या आपको पता है कि उसके जैसा ही पूरा आफिस सूट आपके व्यक्तिगत उपयोग के लिए मुफ्त में उपलब्ध है? ओपन ऑफ़िस नाम का संपूर्ण और उच्च गुणवता का आफिस सूट आपके व्यक्तिगत उपयोग हेतु मुफ्त में उपलब्ध है। इस आफिस सूट में इंटरनेट पर जा कर काम कर सकने की भी सुविधा मौजूद है। इस आफिस सूट में इंटरनेट ब्राउजर भी अंतर्निमित है।

कीजिए कला साधना मुफ्त में

        अब तक लिनक्स प्लेटफार्म पर मुफ्त उपलब्ध गिम्प नाम के ड्राइंग और पेंटिग सॉफ्टवेयर को विंडोस प्लेटफार्म के लिए हाल ही में जारी किया गया है। ढेर सारी विशिष्टताओं से युक्त यह प्रोग्राम कंप्यूटरों पर काम करने वाले कलाकारों के लिए अत्यंत शक्तिशाली है और प्रभावी कला तैयार कर सकने की क्षमताओं से युक्त है। इसकी खूबी यह है कि इतना प्रभावी प्रोग्राम बिना पैसे के उपलब्ध है जबकि ऐसे ही किसी अन्य प्रोग्राम जैसे फोटोशॉप या पेंटशॉप हेतु आपको हजारों रूपए खर्च करने होते हैं।

सुनिए संगीत मुफ्त में

        विश्व का सर्वाधिक लोकप्रिय प्रोग्राम विनएम्प को माना जाता है। बहुत समय पहले तक यह एक शेयरवेयर प्रोग्राम था, जिसे कि आप को कुछ समय के उपयोग के उपरांत पैसे देकर खरीदना जरूरी था। परंतु इसकी लोकप्रियता के चलते और मुफ्त के प्रोग्राम जारी करने के व्यापार के चलते इसे बाद में मुफ्त घोषित कर दिया गया। अब संगीत प्रेमियों का यह प्यारा प्रोग्राम कंप्यूटर जगत के प्राय: हर प्रकार के संगीत को सुना सकने में सक्षम तो है ही, इसमें उपलब्ध क्षमताएं जैसे कि ग्राफिक इक्वलाइजर, प्रीसेट इक्वलाइजर सेटिंग तथा इंटरनेट रेडियो सुना सकने की क्षमताओं के कारण यह किसी भी हाई-फाई म्यूजिक सिस्टम से ज्यादा प्रभावशाली है। नेपस्टर नाम का एक संगीत आधारित कंप्यूटर प्रोग्राम तथा वेब साइट जो कि नेटवर्क से जुड़े सभी कंप्यूटरों में से ढूंढ कर आपका पसंदीदा संगीत सुना सकता है, मुफ्त उपलब्ध है, और जिसके कारण दुनिया भर की संगीत कंपनियों की नींद हराम है।

इंटरनेट सर्फिंग मुफ्त में

        भारत में इंटरनेट को आए कुछ ज्यादा समय नहीं हुआ है। अभी साल भर पहले तक इंटरनेट के लिए आपको फोन लाइन के खर्चों के अलावा पचास रूपए प्रति घंटे तक का भुगतान करना होता था। परंतु मुफ्त की इस दुनिया में अब आपको इंटरनेट भी मुफ्त प्राप्त होने लगा है। जहां कालटिगर और चीकूबार जैसे इंटरनेट कनेक्शन आपके लिए मुफ्त उपलब्ध हैं, वहीं वीएसएनएल, जिसने अपने एकाधिकार के चलते पहले अपने रेट काफी ज्यादा रखे थे, अब वह भी रविवार को पूरे दिन और बाकी सप्ताह के सारे दिनों में रात ग्यारह बजे से दूसरे दिन सुबह आठ बजे तक मुफ्त इंटरनेट सर्फिंग की सुविधा देता है।

और भी ढेर सारी चीजें बिलकुल मुफ्त

        मुफ्त की इस दुनिया में आपको और भी ढेर सारी चीजें मुफ्त मिलती हैं। मसलन, आप विश्व के बड़े नामी अखबारों, पत्रिकाओं को इंटरनेट पर मुफ्त में बिना कोई पैसे दिए पढ़ सकते हैं। ई-मेल की मुफ्त सुविधा देने की शुरूआत हाटमेल ने की और अब तो आपको प्रतिदिन मुफ्त ई-मेल करने के बदले मुफ्त इंटरनेट की सुविधा तथा कहीं कहीं अलग से ईनाम भी दिया जाता है। ई-किताबें मुफ्त में जारी हो रही हैं। अभी हाल ही में स्टीफन किंग ने इंटरनेट पर अपना किताब जारी किया और कहा कि इसका पार्ट एक आप चाहें तो मुफ्त में पढ़ सकते हैं, पर कहानी आगे जारी रखने के लिए प्रति पाठक एक डालर भेजने होंगे, जो कि नगण्य हैं। यह किताब अत्यंत हिट हो चुकी है।

        अब इस मुफ्त की दुनिया को हिट करने की बारी आपकी है। उपयोग कीजिए इन मुफ्त सेवाओं का।

 

 

 

तकनीक

निर्मल हृदय में ईश्वर वास करता है- तुकाराम

आपकी प्रतिक्रिया

अपनी बातकविताछंदललित निबंधकहानीलघुकथाव्यंग्यसंस्मरण कथोपकथन भाषांतरसंस्कारपुस्तकायन

बचपनहलचलसृजनधर्मीलेखकों सेसंपादक बनेंचतुर्दिकशेष-विशेषपुरातनअंकअभिमतमुख्यपृष्ठ

  संपादकः जयप्रकाश मानस संपादक मंडलः गिरीश पंकज,संतोष रंजन, राम पटवा, डॉ.सुधीर शर्मा, संजीव ठाकुर

तकनीकः प्रशांत रथ

Google
WWW http://www.srijangatha.com