Reduce  Reset  Enlarge
प्रकाशन :मंगलवार, 27 जुलाई 2010 | 43 बार पढ़ा गया

स्पिक मैके करेगा पाँच वर्ष तक सांस्कृतिक आयोजन

  


कोटा। “हमारे जीवनचर्या में दिखावे का गणित अधिक है, जिससे किसी को भी अपने भीतर झाँकने की फुरसत नहीं मिल पा रही है । आने वाले पाँच सालों में हमें कलागुरुओं की कार्यशालाओं पर ज़ोर देते हुए कक्षा एक से पांच तक की पीढ़ी पर अपने काम को केन्द्रित करना होगा।एक और ग़ौरतलब बात कि समाज में संयुक्त परिवार आज़ादी के बाद से ही लगातार रूप में टूटते जा रहे हैं,वहीं घरों में पति-पत्नी के कामगार बन जाने पर टी.वी. ही संस्कार देने-लेने का एकमात्र साधन हो चला है,ऐसे में हम जैसे संकृतिकर्मियों और शैक्षणिक संस्थानों की ज़िम्मेदारी बढ़ जाती है।'' स्पिक मैके संस्थापक अध्यक्ष डॉ.किरण सेठ ने ये विचार राजस्थान इकाई के कोटा अधिवेशन में बाईस जुलाई को उद्घाटन के अवसर पर रखे। मुख्य अतिथि राजस्थान तकनिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफ़ेसर आर.पी.यादव ने अपने अधीन संस्थानों में संस्कारों के सूखेपन के इस दौर में कुछ करने की पहल का आश्वासन दिया। आयोजित कार्यक्रमों की छमाही रपट राज्य सचिव दामोदर तंवर ने दी । स्वागत भाषण दिया राष्ट्रीय सलाहकार अशोक जैन ने  । समारोह में अकलंक गर्ल्स कॉलेज के अविनाश जैन और एस.के.जैन ने भी मंचीय बातचीत कही।

इस अवसर पर राज्यभर से आये तेरह स्कंध के लगभग साठ प्रतिभागियों ने अपनी गतिविधियों के अनुभव सुनाये। प्रतिभागी शाखाओं में  कोटा, जयपुर, चित्तौडगढ़, नाथद्वारा, बाड़मेर, नसीराबाद, लक्ष्मनगढ़, बीकानेर, अलवर, बनस्थली, भरतपुर, बारां, पिलानी शामिल थे। केन्द्रीय मुख्यालय दिल्ली से राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रिक्की श्रीवास्तव, ए.के.गोयल, श्रीमती सुजाता भी मौज़ूद थे। दिनभर चले सत्रों में कोटा समन्वयक मेहा झा,राज्य सह सचिव प्रसन्न माहेश्वरी,ऋषि अग्रवाल ने सूत्रधार की भूमिका निभाई। तय हुआ कि स्पिक मैके राजस्थान में अगले साल पाँच सौ कार्यक्रम करेगा।उसी क्रम में विरासत में देशभर के पंद्रह कलागुरु आगामी 9 अगस्त से 30 नवम्बर तक लगभग दो सौ प्रस्तुतियाँ देंगे, जिनमें पंडित  विश्व मोहन भट्ट,कथकली गुरु कलामंडलम  गोपी,शंकर गिटार वादक डॉ. कमला शंकर,कथक गुरु पंडित राजेन्द्र गंगानी,ओडिसी नर्तकी कविता द्विवेदी, नॉर्वेजियन   ग्रुप,सरोद वादक पंडित तेजेंद्र मजुमदार,गायिका रूपान सरकार,नंदिनी बेड़ेकर, कुड़ीयट्टम गुरु मार्गी मधु,कव्वाल अतीक हुसैन बन्दानवाजी,राजस्थानी लोक कलाकार पद्माराम,डोल्स थिएटर   ग्रुप के सुदीप गुप्ता के साथ ओड़िसा का गोटीपुआ समूह आयेगा। ये आयोजन इस साल स्पिक मैके, टेलीकोम कंपनी टाटा डोकोमो के साथ मिलकर कर रहा है।

अधिवेशन में पहले दिन की युवा प्रतिभा प्रिया  वेंकटरमन के भरतनाट्यम और मोनिसा नायक के कथक नृत्य कार्यक्रम से प्रतिभागी बहुत प्रभावित हुए।आयोजन के दूसरे दिन दिल्ली घराने के सईद ज़फर खान ने सितार वादन की प्रस्तुति दी । उन्होंने मियाँ की तोड़ी और राग भैरवी प्रस्तुत किया जिसे श्रोताओं ने बहुत सराहा। दूसरे दिन की चर्चाओं में राष्ट्रीय सलाहकार राजीव टाटीवाला ने भी शिरक़त किया । 

कोटा से माणिक की रपट

  Bookmark and Share
Leave a comment

 

Powered by DiY |  Copyright srijangatha.com 2009

उत्तम दृश्यमान के लिए अनुशंसित स्क्रीन आकार १०२४×७८६ या अधिक
अनुशंसित वेब ब्राऊज़र : इन्टरनेट एक्सप्लोरर संस्करण ८, मोज़िल्ला सीम॔की संस्करण २, मोज़िल्ला फ़ायरफॉक्स संस्करण ३.६

Unique Visits :
Sitemap - XML