हिसार, हरियाणा ।
बाल-कल्याण एवं बाल साहित्य-सृजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के दृष्टिगत, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रामनिवास 'मानव' को, बाल कल्याण-केन्द्र, भोपाल द्वारा 'राष्ट्रीय बाल-साहित्य सम्मान-2009' प्रदान किया गया है। केन्द्र द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में, सांसद एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी तथा शिक्षामंत्री अर्चना चिटनीश ने सम्मान के अंतर्गत शॉल, सम्मान-पत्र, स्मृति-चिह्न, श्रीफल तथा नकद राशि भेंट कर, डॉ. 'मानव' को सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. 'मानव' दोहा, बालकाव्य तथा लघुकथा विधाओं के सुपरिचित राष्ट्रीय हस्ताक्षर हैं तथा विभिन्न विधाओं में उनकी चालीसा मौलिक, सम्पादित, शोधपरक और अनूदित कृतियां प्रकाशित हो चुकी हैं। देश-विदेश की अड़सठ भाषाओं में अनूदित उनकी रचनाओं पर, देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से, चालीस बार एम.फिल् तथा पाँच बार पीएच.डी. हो चुकी है। 'हरियाणवी साहित्य के पुरोधा' के रूप में विख्यात डॉ. 'मानव' की विविध रचनाएँ तथा पुस्तकें अनेक विश्वविद्यालयों तथा बोर्डों के पाठयक्रम में भी शामिल की जा चुकी हैं।
हिसार से सरफ़राज़ ख़ान की रपट
|
|
|||||||||||

