|
हाय
!
नर्मदा क्वांरी रह गईं जी
-डॉ. विमल कुमार पाठक
“आज
रात को अमरकंटक के साधू श्री शंकरधर दीवान उर्फ़ होरिल महराज
की चौपाल में कथा होगी। महराजजी नर्मदा महरानी की कथा
सुनायेंगे। समय सांझ के सात बजे। आप गाना भी सुनेंगे और कथा भी
। आइये भाई, बहिन, बाल-गोपाल के साथ ज़रूर आइये ।”
रिक्शे के लाऊड स्पीकर से यह आवाज़ गाँवभर में फैल रही थी।
एक-दूसरे से लोग कहने लगे-
“चलेंगे,
नर्मदा मइया की कथा सुनने ज़रूर चलेंगे।”
भारी भीड़ के सामने गद्दा बिछा हुआ तखत था । साधू महाराज उसमें
बैठे थे। सफेद दाढ़ी और लंबे केशधारी महराजजी ने कहा।
“भगत
भाइयों, बहिनो और बच्चो
!
नर्मदा जी केवल नदी नहीं हैं। साक्षात देवी हैं। इस युग में
जमुनाजी में नहाने से, गंगाजी के दर्शन से और नर्मदा जी के
सिर्फ नाम सुमिरन से ही आदमी तर जाता है। मोक्ष पा जाता है।
नर्मदा महरानी शहड़ोल जिले के अमरकंटक पर्वत में जनमी हैं।
बिलासपुर कटनी रेल लाईन के पेन्ड्रा रोड रेल्वे स्टेशन से उतर
कर वहाँ जाते हैं. शहडोल, अनूपपुर और बिलासपुर शहरों के सड़के
मार्ग से भी जा सकते हैं।”
महाराज भी ने कहा - “नर्मदा
जी, भगवान शंकर की मुँहबोली बिटिया हैं। शंकरजी, गरमी की भीषण
ताप से बचने हर साल अमरकंटक आते हैं। एक माह आराम करते हैं ।
बिटिया की सेवा से वे भारी खुश रहते हैं। अमरकंटक बड़ी ऊँची
पहाड़ी जगह है। खूब लम्बे, चौड़े, बड़े-बड़े झाड़ हैं। कीमती
जंगली लकड़ियों के भारी पेड़ हैं। तरह-तरह के फल हैं। जंगली
फूल हैं। फलों, फूलों के किसम-किसम के रंग हैं। इनसे पूरी
पहाड़ी सजी-धजी, रंग-बिरंगी दिखती है। जंगली पशुओं और चिड़ियों
की चारों तरफ दृश्यावलियाँ हैं । चिड़ियों की चहचहाहट,
गुटर-गूं और टी-वी टी-टुट-टुट ध्वनि। जंगली पशुओं के हुंकार
चीत्कार । सुन्दर रंभाहट-सामान्य पशुओं के। भौंरों की
गुनगुनाहट। साँप आदि रेंगने वाले जीव जन्तुओं की सरसराहट।
मछलियों की पानी में तैराकी । सब घंटों एकटक देखने लायक हैं।
भूल जाता है मनुष्य सब कुछ वहाँ। सुख ही सुख है वहाँ। कुंड से
जल-धार के रूप में निकलतीं नर्मदा । पास में बने सुन्दर और
विशाल नर्मदा । उनके आस-पास के अनेक भव्य और आकर्षक मंदिर ।
धर्मशालाओं, अतिथि गृहों में आवाज़ाही । देश-विदेश के घूमने
आये लोग। अलग-अलग बोली, भाषाएँ । पहनावे, रूप रंग-खान-पान।
आदतें । सब कुछ देखते रहने का मन करता है। हम, आपको नर्मदा
महरानी की कथा सुनायेंगे । कथा के पहले एक गीत सुनिये। यह
छत्तीसगढ़ क्षेत्र के करमा लोकगीत की धुन में है-
हाय नर्मदा क्वांरी रह गई जी
सोनभद्र नद के कारण वे क्वांरी रह गई जी
धोखेबाज से मुँह फेरी और क्वांरी रह गई जी
हो हो हो हो हाय नर्मदा.............
अमरकंटकी पहाड़ियों में
जन्मे, बाढ़े दोनों भइया जन्मे बाढ़े.........
बचपन से हिलते, मिलते और
मस्त खेलते दोनों। नर्मदा क्वांरी रह ................
साथ-साथ चलते दोनों ही प्रेमी
प्रेम बढा़ते भइया प्रेमी प्रेम............
रात रात भर, दिन भर मस्ती
करते नहीं अधाते। नर्मदा क्वांरी................
तभी यह में जुहिला नदिया
बहते बहते आई, भइया बहते.......
सोनभद्र के निकट आयके
उससे आँख लड़ाई । नर्मदा क्वांरी..........
नई प्रेमिका मिली सोन
बेसब्र हुआ बौराया वह बेसब्र......
बेशर्मी से हाय नर्मदा को
वह पीठ दिखाया। नर्मदा क्वारी........
सह न सकी वह जबर उपेक्षा
पलटी अपनी काया भइया पलटी..........
ईर्ष्यावश फिर कसम खायले
तोड़ी प्रेम की माया। नर्मदा क्वांरी.........
पूरब में जाने के पहले
पश्चिम को वह भागी भइया पश्चिम........
गुस्से से जलती-सी दौड़ी
तन मन में ले आगी। नर्मदा क्वांरी..........
फिर सन्यासिन रूप लिये
भागी सागर से मिलने वह भागी सागर..........
अपने तट के ग्राम, नगर
के दर्द लगी वे सिलने-अब बरदानी हो गई जी
सबका दुख हरने वाली महरानी हो गई जी।।
जय नरमदे, जय जय नरमदे
जो भी मनुवा नित गावे-भइया जो मनुवा.....नित
शंकर जी की बिटिया का जल
ग्रहण करे और ध्यावे। वह सुखिया हो जावे जी
नर्मदा मैया के प्रताप से पुन्य कमावे जी।।
उसका जीवन सफल होय
और विमल मोक्ष वह पावे भइया विमल मोक्ष.............
कर परिकम्मा भक्ति भाव से
भारी पुन्य कमावे भइया भारी पुन्य..........
शंकर जी की पुरी पहुँच
जग सेतर जावे भइया वह जग से तर.........
साधू महराज ने नरमदा मइया की जय-जयकार कराई। लोगों ने आरती
उतारी नरमदा मइया की माला लगी फोटो की। साधू श्री होरिल महराज
ने कहा- अब सुनिये कथा -
धियान लगाके सुनने से भारी मज़ा आवेगा।
जो सुनेगा मिठाई खाने का सुवाद पावेगा।
जो सुनेगा और गुनेगा, भारी पुन्य कमावेगा।
जो इधर उधर धियान लगावेगा, बिगर
पेंदी को लोटे जैसै लुढ़कता रह जावेगा।
हजारों साल पहले की बात है। नर्मदा जी नदी बनकर जनमीं। सोनभद्र
नद बनकर जनमा। दोनों के घर पास-पास ही थे। गाँव-बस्ती एक ही थी
। दोनों अमर कंटकी पहाड़ियों में घुटनों के बल चलते ।
अठखेलियाँ करते । पहाड़ों चट्टानों का सहारा लेते रेंगते हुए
चलते । एक दूसरे को देख भारी खुश होते । चिढ़ते-चिढ़ाते ।
हंसते-रुठते। कहीं चट्टानों से टकराते। सिसकते और रोते । कहीं
वनस्पतियों के सिर पर सवार हो गुजरते। मगन हो जाते। रूकने का
नाम नहीं लेते। कहीं पहाड़ियों की ऊँचाई से नीचे खोह में
गिरते। खाइयाँ बनकर अपनी छटा दिखलाते। बाघ, भालू, हिरण,
बारहसिंघा, गाय, बैल, भैंस आदि आते। नहाते। डुबकी लगाते। पानी
पीते। अंगड़ाइयाँ लेते। इधर-उधर निहारते। उछलते-कूदते। कुलांचे
भरते। शारीरिक करतब दिखलाते। नरमदा और सोनभद्र उन्हें देखते ।
हँसते-खिलखिलाते। शाबाशी देते । आगे बढ़ जाते।
दोनों का बचपना खतम हुआ। किशोरी और किशोर अवस्था में पहुँचे
दोनों। अब और प्यार बढ़ा। आँखों-आँखों में बातें होने लगीं।
अंग-प्रत्यंग में सुकुमारता छाई। गुफाओं, पहाड़ी खोहों में
ऋषि-मुनि, महात्माओं ने डेरे डाले। चारों ओर यज्ञ, हवन, भजन,
पूजन होने लगा। पूरे पर्वत में वातावरण सुगंधमय होने लगा।
वेदों के पाठ गूँजने लगे। आश्रमों में पढ़ाई होने लगी। नर्मदा
के तट पर अनेक आश्रम आबाद हो गये।
कुछ काल बाद नर्मदा किशोरी और सोनभद्र किशोर जवान हो गये।
अंग-अंग में भराव आ गया। मादक माँसलता से देह में निखार आ गया।
नर्मदा रूपसी बन गई। सोनभद्र, रूपवान बन गये। आँखें धनुषाकार
हो गईं। हिरणी-सी लंबी बड़ी-बड़ी आंखों । मछलियों की तरह चमकती
बड़ी-बड़ी नुकीली आंखें । नर्मदा की चितवन से घायल होने लगा
सोनभद्र । सोनभद्र की बलिष्ठ गंठीली देह। भुजाओं में जैसे
मछलियाँ बिराजती हों। दोनों प्रेमी-प्रेमिका मस्त होते ।
एक-दूसरे को देखते रहते अपलक । घंटों अघाते नहीं। तब उन दोनों
ने कसमें खायी। जीवन भर एक दूसरे का साथ नहीं छोड़ेंगे। एक
दूसरे को धोखा नहीं देंगे। जल्दी विवाह रचायेंगे । सदा के लिए
एक हो जायेंगे।
दोनों विवाह की खिचड़ी पकाते। खुशी-खुशी समय काट रहे थे। एक
दिन अचानक रास्ते में सोनभद्र ने सामने जुहिला नामक एक नदी आ
धमकी । वह भी नवयुवती । सोलहों श्रृंगार किये हुए । मदमाती
कामुक कन्या । अपने हाव-भाव, अदाओं से सोनभद्र को मोह लिया
उसने । जादू चल गया । बाल सखी नर्मदा की ओर आँखें मूंद ली सोनू
ने । वह नई नवेली को टकटकी लगाकर देखने लगा। नर्मदा ने दो चार
बार इशारे किये । बुलाया। टोका-टोकी की। पर बौराया सोनभद्र नही
माना। नहीं माना । नहीं माना । जुहिला की तरफ झुकता ही गया वह
। चेत तक नहीं किया।
नर्मदा को अब लगा। धोखेबाज से अलग हो जाना ठीक रहेगा। पता नहीं
यह कामी, लम्पट भौंरा आगे कौन-सा क़दम उठा ले
?
नर्मदा जी ने गाँठ बांध लिए। साथ नहीं चलेगी। उधर से मुँह
फेरने लगी। सूरत तक नहीं देखेगी दगाबाज की। रखेल बन चुकी
जुहिला उसे नागिन-सी लगी। उस जहरीली साँपिन से दूर होना ही ठीक
रहेगा। और एक क्षण में पक्का इरादा कर लिया उन्होंने ।
पूरब की ओर दौड़ती नर्मदा ने अब दिशा बदल दिया। पलटी और पश्चिम
दिशा मे भागने लगी। सोनभद्र और जुहिया ने देखा । सोनभद्र दुखी
हुआ । बचपन की संगवारी रूठकर जो जा रही थी। उसने पुकारा-
“न............र............म....दा
रूको, रू को । वापस लौटो । मुझे मत छोड़ो मैं, तुम्हारा हूँ।
जुहिला ने पकड़ा सोनभद्र को । बाँह-पाश में जकड़ लिया उसे ।”
“मैं
हूँ ना, फिकर क्यों करते हो
?”
नर्मदा न तो पलटीं । न देखीं । न जवाब दीं। न रूकीं । बल्कि और
तेजी से चलने लगीं । बेवफा को अँगूठा दिखा दीं। बंगाल सागर की
यात्रा छोड़ीं। अरब सागर की ओर दौड़ीं। हमारे देश की सभी बड़ी
नदियां बंगाल सागर में मिली हैं। गुस्से के कारण नर्मदा ही हैं
जो अरब सागर में गई हैं ।
“जय”
हजारों लोगों ने हाथ जोड़कर कहा।
अब नर्मदा जी ने क्वांरी रहने का परन (प्रण) कर लिया।
युवावस्था में ही सन्यासिनी बन गई। रास्ते में घनघोर
पहाड़ियाँ आईं। हरे-भरे जंगल आये। वे रास्ता बनाती गईं। कल-कल
छल-छल का शोर करती बढ़ती गईं मंडला के आदिमजनों के इलाके में
पहुँचीं । धुँआधार (जबलपुर) में उनका सबसे सुन्दर रूप उजागर
हुआ। भारी ऊँचे पर्वतीय चट्टानों से गहरे गढढे में गिरीं। वहाँ
नर्मदी-जल की छटा को निहारते मन नहीं भरता। विशाल झरने का जल
प्रवाह । छोटे-छोटे जल कण धुँए का दृश्य उपस्थित करते हैं ।
जल-धार धुँआ जैसा दिखता है।
फिर आगे आता है भेड़घाट । दुनिया की रंग-बिरंगी संगमरमरी
चट्टानों का प्राकृतिक राजमहल। संगमरमरी को तो रंगीनी से दूर
रहना है। सो वे आगे बढ़ती हैं। मैदानी इलाके में जा पहुँचती
हैं। जबलपुर से होशंगाबाद होते हुए ओंकारेश्वर में विलमने लगती
हैं। कई अन्य नगरों, गाँवों से होते हुए अरब सागर में जाकर
अपने आपको विलीन कर देती हैं। उनका जल चौबीसों घंटे अमरकंटक से
अरब सागर तर सतत् पहुँचते रहता है।
“क्वांरी
नर्मदा ही एक नदी हैं ।”
होरिल महाराज ने कहा-
“जिनकी
परिक्रमा की जाती है। अमरकंटक से लेकर नदी के एक ओर से सागर
तक। फिर सागर से नदी के दूसरी ओर से अमरकंटक तक। परिक्रमा करने
वालों को महीनों लग जाते हैं। नदी के तट के रहने वाले लोग
परिक्रमा करने वालों की सेवा करते हैं। निवास, भोजन, दवा पानी
की व्यवस्था करते हैं।
कलयुग में नर्मदा मइया को मोक्षदायिनी कहा गया है । इनका जल भी
गंगाजल की तरह पतीत-पावनी है। ओंकारेश्वर और बाद के गाँवों के
घाटों में शिव मिलते हैं। स्नान करने के बाद डुबकी लगाने वालों
को छोटे-बड़े शिव लिंग हाथ लगते हैं। नदीं में मृतकों की
अस्थियाँ भी विसर्जित की जाती हैं। श्राद्ध-कर्म व पिंड-दान भी
होते हैं। साधू श्री होरिल महराज ने आखिरी में कहा।
“बोलिये
भगवान शंकर की”।
“जय”
समवेत स्वर गूँजा । उनकी बिटिया नर्मदा महरानी की-
“जय”
पूनः गूँजा और श्रद्धालुजन रास्ते भर क्वांरी नर्मदा के प्रति
सहृदयता और सोनभद्र, जुहिला के प्रति नाराज़गी जाहिर करते घर
लौटे।
डॉ. विमल कुमार पाठक
खर्सीपार, जोन-1,मार्केट,
पावर हाऊस,आई.टी.आई. के पीछे,
सेक्टर-11, भिलाई -490011
◙◙◙
|